बीकानेर। नगर निगम चुनाव के वार्ड नंबर 73 से भाजपा प्रत्याशी दीपक पारीक के समर्थन में बबलू पीर ने खुलकर समर्थन जताया है। उन्होंने कहा कि दीपक पारीक और उनके परिवार के साथ उनके लंबे समय से पारिवारिक एवं घरेलू संबंध हैं। दीपक उनके भाई हैं और वे चुनाव में पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़े हैं।
बबलू पीर ने क्षेत्र में आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द की परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि मोहल्ले में किसी भी जाति-बिरादरी के घर बच्चे का जन्म होने पर परिवारजन परंपरागत रूप से दरगाह पर धोक लगाने और पीर साहब का आशीर्वाद लेने पहुंचते हैं। उन्होंने इसे वर्षों से चले आ रहे सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारे की मिसाल बताया।
उन्होंने अनिल कुमार पुरोहित सहित अन्य साथियों के साथ भी अपने पारिवारिक एवं भाईचारे के संबंध होने की बात कही। सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो को लेकर बबलू पीर ने कहा कि वीडियो को काट-छांटकर प्रस्तुत किया गया है। उनका कहना है कि मूल वीडियो देखने पर वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो जाती है। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा पार्टी अथवा किसी व्यक्ति के संबंध में कोई गलत या आपत्तिजनक बात नहीं कही गई।
बबलू पीर ने कहा कि सभी मतभेदों को पीछे छोड़ते हुए उन्होंने दीपक पारीक के समर्थन में खड़े होने का निर्णय लिया है। उन्होंने स्वयं दीपक पारीक के पक्ष में मतदान करने और वार्डवासियों से भी उन्हें भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि वार्ड के विकास और जनसमस्याओं के समाधान के लिए मजबूत एवं सक्रिय नेतृत्व जरूरी है।
